सहकारी चीनी मिल रमाला में आयोजित पंचायत में किसानों को संबोधित करते प्रधान प्रबंधक डॉक्टर आरबी ?
- फोटो : BAGHPAT
पर्ची जारी न होने के कारण किसानों को उठानी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। रमाला मिल पर दूसरे मिल के गन्ने की तौल कराने और नए बकाये का भुगतान न होने के विरोध में रविवार को किसानों की सहकारी चीनी मिल रमाला पर पंचायत हुई। किसानों का कहना है कि दूसरे मिल का गन्ना आने से क्षेत्र के किसानों की समय पर पर्ची जारी नहीं हो पा रही हैं। किसानों ने मुख्यमंत्री व गन्ना आयुक्त के नाम नौ सूत्रीय मांगपत्र प्रधान प्रबंधक को सौंपा।
सहकारी चीनी मिल रमाला में हुई पंचायत में रवींद्र मुखिया ने कहा कि मिल के पास पहले ही एक करोड़ कुंतल गन्ना था। बागपत मिल क्षेत्र के सात क्रय केंद्र रमाला मिल को देकर उस पर ओर बोझ डाल दिया। बाहरी गन्ना आने से किसानों को समय से पर्ची नहीं मिल रही है और सत्र लंबा खिंचेगा। मिल के क्रय केंद्रों से गन्ना उठान समय पर नहीं हो रहा है। पर्ची जारी न होने से गेहूं की बुआई पिछड़ रही है। वहीं, चारे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। किसान अशोक चौहान ने कहा कि मिल को चालू हुए दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसानों के खातों में गन्ना मूल्य भुगतान नहीं भेजा गया है।
किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि घोषणा पत्र के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। मिल पूर्ण क्षमता से नहीं चल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री व गन्ना आयुक्त के नाम नौ सूत्रीय मांगपत्र प्रधान प्रबंधक को सौंपा। प्रधान प्रबंधक डॉ. आरबी राम ने किसानों की सभी समस्याओं को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। पंचायत की अध्यक्षता ब्रह्म सिंह बुढ़पुर ने की व संचालन अशोक चौहान ने किया। पंचायत में क्षेत्र के अमरपाल, संजीव, राजीव, सहंसर, रविशंकर, अजय, अजीत, रणधोल, रणवीर आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।