ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत, पुलिस जांच में जुटी
खेकड़ा। क्षेत्र के गांव सुन्हैडा रेलवे हाल्ट पर गांव बंदपुर निवासी एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने अपनी मौत के लिए गांव के ही चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। किसान की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के गांव बंदपुर निवासी 55 वर्षीय किसान यशपाल सिंह मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकलकर गांव सुन्हैडा रेलवे हाल्ट के पास पहुंच गया। और हाल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी गर्दन और एक हाथ कट गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने गांव के लोगों को बुलवाकर शव की पहचान कराई। इसके बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर मृतक का पुत्र राहुल परिजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने शव की तलाशी ली।
तलाशी में पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट मे लिखा था कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पिछले दिनों हाथ उधारी में उससे पांच लाख रुपये लिए थे। रुपये वापस देने का तकादा करने पर वह और उसके तीन साथी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उनकी दहशत के कारण वह ऐसा कदम उठा रहा है। मृतक के पुत्र राहुल और अन्य परिजनों ने उसकी हत्या करने की शंका जाहिर की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ युवराज सिंह ने कहा मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। मामले की जांच की जा रही है। यह सुसाइड नोट उसने स्वयं लिखा है या फिर किसी ने उसकी जेब में डाला है। यदि जांच में सुसाइड नोट उसका स्वयं का लिखा पाया गया तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मृतक के परिजनों ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर नहीं दी।