गेहूं बुवाई के लिए खेत खाली करने में हो रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। मलकपुर चीनी मिल द्वारा गत चार दिनों से इंडेंट जारी न करने से क्षेत्र के कई गांवों के किसान परेशान हैं। उनका कहना है कि इंडेंट जारी न होने से गेहूं बुवाई के लिए खेत खाली करना मुश्किल हो रहा है।
सिनौली, मलकपुर, आदर्श नंगला समेत अन्य कई गांवों से जुडे़ किसानों का कहना है कि चीनी मिलें न तो समय पर इंडेंट जारी कर रही हैं और न ही बकाया गन्ना मूल्य भुगतान। जिस कारण आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है।
सूख रहा है गन्ना
सिनौली गांव के किसान महावीर व विक्की का कहना है कि चार दिन से इंडेंट नहीं दिया जा रहा है। काफी गन्ना खेतों में कटा पड़ा है। इसके परिणामस्वरूप गन्ना सूख रहा है, ऊपर से गेहूं बुवाई पिछड़ रही है। उन्होंने समस्या को लेकर आक्रोश जताया।
जल्द जारी करेंगे इंडेंट
मलकपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना मुकेश मलिक का कहना है कि किसानों को नियमित रूप से इंडेंट जारी करने का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही किसानों को इंडेंट जारी किया जाएगा।