बिनौली। फजलपुर तेड़ा मार्ग का सफर करना राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है। यहां गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। वर्ष 2020-21 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंर्तगत मार्ग का निर्माण स्वीकृत हुआ। हालांकि यहां अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। जिससे मार्ग से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिनौली से फजलपुर तेड़ा मार्ग की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। यहां से ग्राम दरकावदा, फजलपुर, तितरोदा, तेड़ा, नंगला, पोइस गांव के लोगों की आवाजाही है। मार्ग की हालत जर्जर होने से लोगों का पैदल चलना दूभर है। गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत वर्ष 2020-21 में मार्ग के निर्माण की स्वीकृत मिली थी। बिनौली चौराहे पर 18 जून को मार्ग निर्माण का शिलान्यास किया गया। हालांकि दो माह बीतने के बाद भी मार्ग पर निर्माण शुरू नहीं हो पाया है।
बिनौली निवासी संदीप धामा का कहना है मार्ग में गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बने हैं। इनसे आए दिन हादसे हो रहे हैं। फजलपुर निवासी नीरज राजपूत का कहना है दो माह पूर्व मार्ग निर्माण के लिए उद्घाटन हुआ था, मगर अभी तक निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिनौली चौराहे पर तेड़ा मार्ग के शिलान्यास का लगा बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने मार्ग का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की है।