बागपत में झमाझम बारिश के बीच राष्ट्र वंदना चौक से गुजरते बाइक सवार
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। यहां तीसरे दिन भी लगातार बारिश हुई और शनिवार रात को शुरू हुई बारिश रविवार दोपहर तक होती रही। जिससे तीन डिग्री तक तापमान गिरने से सर्दी बढ़ गई। जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बारिश से जहां गेहूं की फसलों को फायदा हुआ, वहीं आलू व सब्जी की फसलों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है। इस बारिश के बाद बीमारी बढ़ने का डर सता रहा है।
यहां पिछले कई दिन से बूंदाबांदी होने के बाद शुक्रवार रात को तेज बारिश शुरू हो गई थी जो शनिवार दोपहर तक होती रही। इसके बाद शाम तक बारिश नहीं हुई, लेकिन शनिवार रात को दोबारा से बारिश शुरू हो गई और वह रविवार दोपहर तक होती रही। कृषि विज्ञान केंद्र खेकड़ा के अनुसार शनिवार रात से रविवार तक 7.6 एमएम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच गया। बारिश के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले और सर्दी से बचाव करते हुए दिखाई दिए। बारिश से नेशनल हाईवे पर सिसाना में जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी और वहां काफी धीमी गति से वाहनों को निकाला गया।
--
गेहूं की फसल को फायदा, अन्य को नुकसान
खेकड़ा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. संदीप चौधरी ने बताया कि जिन किसानों ने दिसंबर के तीसरे सप्ताह तक गेंहू की बुवाई कर दी है। उस गेंहू की फसल को इस बारिश का कोई नुकसान नही पहुंचेगा। इसके साथ ही आलू व सब्जी की फसलों को इस बारिश से नुकसान होगा।
बागपत में बारिश् के दौरान कार की लाइट जलाकर जाते हुए- फोटो : BAGHPAT
बागपत के जिला महिला अस्पताल के बाहर भरा बारिश का पानी- फोटो : BAGHPAT