- निबाली गांव में जिलाध्यक्ष की भाभी की मंगलवार में हो गई थी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
- बागपत कोतवाली प्रभारी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। निबाली गांव में मंगलवार को रालोद के युवा जिलाध्यक्ष श्रीकांत धामा की भाभी सपना पत्नी विक्रांत धामा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में युवा जिलाध्यक्ष श्रीकांत धामा और उनके विक्रांत धर्मा सहित कई के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर की ओर से यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बागपत कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर ने मुकदमा दर्ज कराया है कि उनके सीयूजी नंबर पर एक व्यक्ति विक्रम निवासी गांव अस्तौली, जनपद गौतमबुद्धनगर ने फोन करके आरोप लगाया था कि उसकी बहन सपना को ससुराल वालों ने दहेज के लिए फांसी लगाकर मार दिया है। सपना का शव घर में मौजूद है और उसकी अंत्येष्टि की तैयारी चल रही है। पुलिस गांव पहुंची तो सपना के शव की खेत में अंत्येष्टि कर दी गई थी। सपना के भाई भगत, विक्रम व अन्य लोगों ने बातचीत करने पर बताया कि उनकी सहमति से सपना की अंत्येष्टि की गई है। लेकिन पुलिस को दहेज के लिए फांसी लगाकर मारने की सूचना मिली थी। निबाली गांव में भी यही पता चला कि सपना की मौत फांसी पर लटककर हुई है। इसलिए सपना के पति विक्रांत, ससुर रामपाल व देवर श्रीकांत धामा सहित अन्य परिजनों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ अनुज कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। जांच में जिस तरह की बात सामने आएगी, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।