दिगंबर जैन बाल सदन में बैठक कर सहायक प्रवक्ता के पक्ष में चल रहे धरने को खत्म करने की दी चेतावनी
व्यापारियों ने भी सहायक प्रवक्ता पर लगाया जैन समाज पर अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिगंबर जैन कॉलेज के निलंबित सहायक प्रवक्ता के खिलाफ प्रबंध समिति और जैन समाज लामबंद हो गया है। दिगंबर जैन बाल सदन में बैठक कर सहायक प्रवक्ता के पक्ष में चल रहे धरने को खत्म करने की चेतावनी दी। उधर, नगर के व्यापारियों ने कोतवाली में प्रदर्शन कर जैन समाज पर अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए सहायक प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रबंध समिति के संयुक्त मंत्री धनेंद्र कुमार जैन ने बताया कि कॉलेज में कार्यरत सहायक प्रवक्ता लंबे समय से कॉलेज और समाज के विरुद्ध गतिविधियों में लिप्त है। पिछले दिनों इन्हें निलंबित कर दिया था। उन्होंने 11 नवंबर को नियम विरुद्ध प्रवेश करने का दबाव बनाया। मना करने पर शिक्षिकाओं के अभिलेख छीनकर और रजिस्टर फाड़ते हुए उनके साथ मारपीट की। बताया कि कॉलेज में विवि की परीक्षाएं चल रही है। अन्य कॉलेज के केन्द्र भी यहीं पर है। बैठक में निर्णय लिया कि अगर निलंबित सहायक प्रवक्ता के पक्ष में कॉलेज में चल रहा धरना समाप्त नहीं हुआ तो जैन समाज के लोग भी इस धरने के विरोध में धरना देंगे। बैठक में डॉ. अमित राय जैन, घसीटूमल जैन, संजय जैन, प्रदीप जैन, मुकेश जैन, आलोक जैन, नरेन्द्र जैन, अंकुर जैन आदि शामिल रहे।
उधर, कोतवाली में अंकुर जैन के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने दिगंबर जैन कॉलेज के सहायक प्रवक्ता के खिलाफ शिकायती दिया। बताया कि सहायक प्रवक्ता ने एक वीडियो में जैन समाज के प्रति अशोभनीय टिप्पणी की है। इससे समाज में काफी रोष व्याप्त है। यदि सहायक प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो समाज के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मोनू जैन, अमित जैन, अंकुर, लक्की जैन, अतुल जैन, प्रवीण जैन, नवीन जैन व इरफान मलिक शामिल रहे।