बड़ौत कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : BARAUT
पीड़ित महिला के मकान में ही क्लीनिक चलाता था आरोपी चिकित्सक
आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया एक साल तक दुष्कर्म
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। महिला को आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल और एक साल तक दुष्कर्म करने के आरोपी चिकित्सक को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चिकित्सक सुमित राजपुरा, जनपद पटियाला, पंजाब का रहने वाला है।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला ने मंगलवार को एसपी नीरज कुमार जादौन को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि था कि आरोपी सुमित उसके मकान में ही क्लीनिक चलाता था। उसने नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसकी वीडियो बना ली थी, जिसे इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा था। एक साल तक दुष्कर्म करता रहा। एक जून को चिकित्सक ने उसके पति को नशे का इंजेक्शन लगा दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी चिकित्सक फरार हो गया था। महिला के मुताबिक 26 अगस्त को वह बड़ौत किसी काम से आई थी। यहां मिले चिकित्सक ने उसे जबरन कार मेें बैठा लिया और चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की थी। एसपी ने कोतवाली पुलिस को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सीओ बड़ौत आलोक कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।