बड़ौत की पट्टी चौधरान स्थित प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत करते डीएम ?
- फोटो : BARAUT
डीएम ने किया स्कूलों का निरीक्षण, नहीं मिली पानी व शौचालय की व्यवस्था
अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी स्कूलों में बदहाली की खबर
व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बीएसए को निर्देशित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। अमर उजाला में स्कूलों की बदहाली की खबर प्रकाशित होते ही प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया। शनिवार को डीएम राजकमल यादव ने प्राथमिक विद्यालय पट्टी चौधरान व बेसिक प्राथमिक विद्यालय बाल विद्या मंदिर का निरीक्षण किया। डीएम स्कूलों में पानी व शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त न मिलने पर दंग रह गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और बीएसए को फोन पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अमर उजाला ने शनिवार के अंक में जनपद के स्कूलों में फैली अव्यवस्था पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होते ही प्रशासनिक अफसरों में हड़कंप मच गया। शनिवार को डीएम राजकमल यादव प्राथमिक विद्यालय पट्टी चौधरान व बेसिक प्राथमिक विद्यालय बाल विद्या मंदिर में निरीक्षण करने पहुंचे तो अध्यापकों में हड़कंप मच गया। डीएम को न तो बच्चों के बैठने के लिए यहां पर फर्नीचर मिला और न ही पेयजल और शौचालय की व्यवस्था। बच्चे टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ने को मजबूर दिखाई दिए। शिक्षकों ने बताया कि बच्चे बराबर में स्थित कोतवाली से पीने का पानी लाने को मजबूर हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए बीएसए को फोन पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम दुर्गेश मिश्र, सीओ आलोक कुमार, कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह आदि भी मौजूद रहे।