बल्लम पहलवान की स्मृति में नौकरी, शिक्षा व खेल प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सरूरपुर कलां गांव में बल्लम पहलवान की स्मृति में बुधवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डीएम राजकमल यादव और एसपी नीरज कुमार जादौन के अतिरिक्त विशिष्ट अतिथि धीरज उज्ज्वल ने संयुक्त रूप से 51 प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
सरूरपुर कलां गांव की बेटी प्रिंसी को खंड शिक्षा अधिकारी बनने पर सम्मानित किया। शोभित पहलवान कुश्ती नेशनल चैंपियन, निधि स्कूल टॉपर, शशि माथुर क्रिकेट खिलाड़ी, आंचल, नेहा, प्रीति को बॉक्सिंग आदि क्षेत्रों में आगे बढ़ने वाली 51 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। डीएम राजकमल यादव ने कहा कि हर किसी को जीवन में मेहनत करके आगे बढ़ते रहना चाहिए।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि इस तरह से प्रतिभाओं का सम्मान करने का कार्यक्रम सभी गांवों में होना चाहिए। जिससे प्रतिभाएं निकलकर सामने आएं। इसके साथ ही सभी से अपने बच्चों को सही मार्गदर्शन देने के लिए कहा गया। विशिष्ट अतिथि धीरज उज्ज्वल ने कहा कि जिले में केवल सुविधाएं देने की जरूरत है, जिससे यहां के युवा ऐसे ही आगे बढ़ते रहें। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशाओं व भोजन माताओं को भी सम्मानित किया गया। जिनमें बबीता नैन, सविता, विमलेश, प्रतिभा, संगीता, पुष्पा, सुदेश, अमरेश, गीता, मुनेश रानी, मुकेश देवी आदि रहीं। इस दौरान समाजसेवी सुभाष नैन, राजू तोमर सिरसली, रवींद्र हट्टी, इंद्रपाल, प्रीतम सिंह, शिवकुमार, धर्मवीर सिंह, नरेंद्र, कोमल, विकास, रामपाल आदि मौजूद रहे।