बागपत। जिला अस्पताल में एक माह पूर्व मंगाई गई डिजिटल एक्स-रे मशीन शुरू नहीं हो सकी है। जिस कारण अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए आने वाले मरीजों को निजी एक्स-रे सेंटरों पर तीन सौ से चार सौ रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
जिला अस्पताल में उपचार कराने वाले मरीजों को डिजिटल एक्स-रे सुविधा मिल सके। इसके लिए एक माह पूर्व 13 लाख रुपये की मशीन मंगाई गई थी। डिजिटल मशीन आने से लोगों को अस्पताल में ही डिजीटल एक्से-रे की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी। एक माह बीतने के बाद भी मशीन शुरू नहीं हो पाई है। मशीन शुरू न होने से जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को डिजिटल एक्स-रे कराने के लिए तीन सौ से चार सौ रुपये खर्च करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मशीन को इंस्टॉल कराने के लिए इंजीनियर की मांग की गई है। सीएमएस डॉ. सुमन चौधरी ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा। उनका कहना है कि एक्स-रे मशीन को इंजीनियर द्वारा इंस्टॉल किया जाएगा। इस बारे में शासन को अवगत कराया जा चुका है। शासन स्तर से इंजीनियर आकर मशीन को इंस्टॉल करेगा। सोमवार को मशीन लगाकर अर्थिंग की व्यवस्था करा दी है। इसी सप्ताह इंजीनियर के आने की उम्मीद है।