टीईटी परीक्षा 2022
जिले में 29 केंद्रों पर 13 हजार 899 अभ्यर्थी आज देंगे शिक्षक पात्रता परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास के सभी साइबर कैफे एवं फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं, कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
टीईटी परीक्षा पहले पर्चा लीक होने की वजह से रद्द कर दी गई थी। अब 23 जनवरी परीक्षा की तिथि घोषित की गई है। जिले में 29 केंद्र बनाए हैं, जिनमें कुल 13 हजार 899 अभ्यार्थी परीक्षा देंगे।
इस तरह बरती जाएगी सतर्कता
परीक्षा देने वाले छात्रों की तलाशी होगी।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ी या अन्य उपकरणों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में फोटो स्टेट की मशीन बंद रहेंगी।
पुलिस संदिग्धों पर नजर रखेगी।
29 केंद्रों पर ंहोगी परीक्षा
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए बनाए गए 29 केंद्रों पर 13 हजार 899 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से सुबह की पाली में 17 केंद्रों पर 8 हजार 112 परीक्षार्थी प्राथमिक स्तर और शाम की पाली में 12 केंद्रों पर 5 हजार 787 परीक्षार्थी उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए पंजीकृत है। वहीं, एसडीएम सुभाष सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानों को चिह्नित कर लिया गया है। परीक्षा के दौरान इन्हें बंद रखा जाएगा। पुलिस की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न होगी।