आग से नष्ट हुए सामान को दिखाती कांग्रेस नेता मुन्नी बेगम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कुछ लोगों ने मंगलवार की रात में मकान में आग लगाकर महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष मुन्नी बेगम के परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। परिजनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। दो बार पहले जान से मारने की नियत से उन पर गोली चलाई जा चुकी है। वारदात से परिवार दहशत में है। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
बागपत के केतीपुरा मोहल्ला निवासी और महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष मुन्नी बेगम ने बताया मंगलवार की रात में परिवार मकान में सो रहा था। कुछ सदस्य मकान के नीचे कमरे में सो रहे थे, तो कुछ दो मंजिल कमरे की छत पर। रात में करीब एक बजे अज्ञात लोगों ने मकान के कमरे में आग लगा दी।
इसी दौरान वह जाग गई। उसके चिल्लाने पर परिजनों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग की लपटे उठती देखकर मोहल्ले के काफी लोग इकट्ठे हो गए। सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक नगदी, आभूषण समेत करीब छह लाख रुपये का सामान जल चुका था।
मकान में आग लगने से एक कमरे की छत में भी दरार आ गई। कांग्रेस नेत्री ने कहा जान से मारने की नियत से मकान में आ लगा गई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों का पता लगाने और परिवार को सुरक्षा दिलानेे की गुहार लगाई।
पुलिस अफसर पर बदसलूकी का आरोप
बागपत। कांग्रेस की पीसीसी सदस्य भगवती देवी पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली में पहुंची। आरोप है कि इस मामले में कार्रवाई की मांग की तो एक अफसर ने उनके साथ बदसलूकी की। उनका कहना है कि मुन्नी पर दो बार जानलेवा हमला हो चुका है। दोनों बार गोली लगी, किसी तरह उनकी जान बची। उन्होंने अफसरों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा मामले की जांच की जा रही है। इस आधार पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा बदसलूकी का आरोप पूरी तरह से गलत है।