निवाड़ा में चिन्हित की गई सरकार की भूमि से कब्जा हटवाने की गई एंटी भूमाफिया सेल का ग्रामीणों ने विरोध किया। अफसरों के साथ नोकझोंक कर जेसीबी पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने हंगामा कर रहे लोगों को भगा दिया। भारी विरोध के बीच जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
एंटी भूमाफिया सेल के प्रभारी कानूनगो रोहित तोमर के नेतृत्व में टीम बुधवार को जेसीबी के साथ निवाड़ा गांव में पहुंची। पूर्व में चिन्हित किए कब्जों को हटवाना शुरू किया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। टीम के साथ नोकझोंक करते हुए इसका विरोध किया। चेतावनी दी जमीन को खाली नहीं करेंगे चाहे जो हो जाए। हंगामा कर जेसीबी पर चढ़ गए। चालक के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। यह ही नहीं जेसीबी के आगे ग्रामीण खड़े हो गए।
ग्रामीणों का उग्र रूप को देखकर कानूनगो ने कोतवाली से पुलिस फोर्स को बुलवाया। अपने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अफसरों के साथ नोकझोंक और हंगामे की सूचना मिलते ही दरोगा अमन सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। भीड़ को तितर-बितर किया।
इसके बाद एंटी भूमाफिया सेल ने चिन्हित की गई जमीन से कब्जा हटवाया। उधर, जेसीबी से कब्जा हटाना शुरू होते ही कुछ लोगों ने तो पहले ही जमीन से दीवार को तोड़ना शुरू कर दिया था। अपने सामान को समेट लिया था। यह ही नहीं जमीन पर पशुओं के लिए बनाए स्थान को पहले ही खाली कर दिया था।
कानूनगो रोहित तोमर ने बताया सरकार की जमीन पर बनाएं प्लाट, पशुओं को बांधने का स्थान, चारदीवारी और रास्ते को कब्जा मुक्त कराया। चेतावनी दी दोबारा कब्जा किया तो सामान जब्त कर एफआईआर कराई जाएगी। उनके साथ लेखपाल विनोद शर्मा, श्यामपाल, विनोद, वरूणवेश, वीरेंद्र यादव, कुलदीप शर्मा रहे।
पांच दिन का दिया अल्टीमेटम
एंटी भूमाफिया सेल के प्रभारी कानूनगो रोहित तोमर ने बताया सरकार की जमीन पर कब्जा करने वाली जगह पर पहले ही चिन्हित कर लाला निशान लगा दिए थे। कुछ से तो कब्जा हटवा दिया। बाकी के लिए ग्रामीणों को पांच दिन का समय दिया है। इसके बाद जेसीबी से कब्जा हटवाया जाएगा।
पुलिस की जीप का भी किया घेराव
कोतवाली से पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने जीप को भी चारों ओर से घेर लिया था। लोगों ने कब्जा हटाने का विरोध किया। पुलिस के साथ भी नोकझोंक की। विरोध प्रकट किया। इस कार्य को गलत बताया। बखेड़ा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बल का प्रयोग कर भीड़ को तितर बितर कर दिया।
बसी में चक रोड से अवैध कब्जा हटाया
खेकड़ा। क्षेत्र के ग्राम बसी में तहसीलदार ने टीम के साथ पहुंचकर कब्जे को हटवाकर चक रोड को कब्जा मुक्त कराया। क्षेत्र के गाम बसी निवासी पुष्पा पत्नी धन सिंह ने जनता दिवस में चकरोड पर कब्जा होने की शिकायत की। उपजिलाधिकारी रामप्रसाद ने चकरोड पर कब्जे के मामले को गंभीरता से लेकर बुधवार को तहसीलदार दीपक कुमार के नेतृत्व में लेखपाल कृष्णपाल और सूरजभान की टीम पुलिस के साथ ग्राम बसी के जंगल में चकरोड पर पहुंची। तहसीलदार ने भूमि की पैमाइश कराकर चकरोड को कब्जा मुक्त कराया।