बागपत। कोर्ट में तारीख भुगतने पहुंचे सेवानिवृत्त टीचर की बाइक से चरस बरामद हुई है। पुलिस ने उसको कब्जे में ले लिया है। आरोपी टीचर ने कहा किसी ने मुझे फंसाने की साजिश है।
गाजियाबाद के थाना लोनी के गांव मेवला भट्टी निवासी रिटायर टीचर सेवक राम बंसल चांदीनगर क्षेत्र के गांव खैरवा के एक स्कूल में पढ़ाते थे। स्कूल के प्रधानाचार्य के दौरान का विवाद कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सोमवार को बाइक पर सवार होकर बागपत कचहरी में आए थे। बाइक को अधिवक्ताओं के चेंबरों के पास खड़ी करके कोर्ट में तारीख भुगतने के लिए चले गए थे।
इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कचहरी में खड़ी एक बाइक में नशीला पदार्थ रखा है। पुलिस ने छापा मारा कर रिटायर टीचर की बाइक की सीट के नीचे से भारी मात्रा में चरस बरामद की। इसका पता चलते ही सैकड़ों अधिवक्ता एकत्र हो गए। अधिकांश अधिवक्ता रिटायर टीचर के पक्ष में आ गए। उन्होंने कहा यह किसी की सोची समझी साजिश है।
उन्होंने पुलिस से केस की निष्पक्षता के साथ जांच कराने की मांग की। पुलिस रिटायर टीचर को अपने साथ कचहरी चौकी में ले गई। चौकी प्रभारी ब्रजपाल सिंह ने कहा मामले की जांच की जा रही है। उधर, रिटायर टीचर ने कहा विपक्षी लोगों ने मुझे केस में फंसाने के लिए बाइक में चरस रखी है, वे तो बीड़ी तक नहीं पीते हैं। चरस के बारे में तो सोच नहीं सकते हैं।
रिटायर टीचर को क्लीन चिट, अज्ञात में मुकदमा
बागपत। बाइक में नशीला पदार्थ रखने के मामले में पुलिस ने रिटायर टीचर को क्लीन चिट दे दी है। सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया शिक्षक की बाइक में किसी ने जानबूझकर चरस समेत अन्य नशीला पदार्थ रखा है। उनका पता लगाने का प्रयास किया गया है। अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।