बागपत। शहर की सड़कों और बाजारों से दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। सपा और रालोद के नेताओं के ऑफिस के सामने से टीनशेड और होर्डिंग हटाए । इस दौरान कुछ दुकानदारों ने अभियान का विरोध भी किया, लेकिन किसी की एक नहीं चली। पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को मौके खदेड़ दिया। डीएम और एसपी ने कहा कानून का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, वह खुद ही हटा लें। देहात क्षेत्र में भी अभियान चलेगा। देर रात डीएम ने कलक्ट्रेट में एंटी रोमियो समेत कानून व्यवस्था पर बैठक की।
डीएम ह्दय शंकर तिवारी पुलिस प्रशासन की टीम के साथ शनिवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे शहर के राष्ट्र वंदना चौक, शौकत मार्केट और गांधी बाजार का पैदल भ्रमण कर दुकानदारों और लोगों से सड़कों से सामान हटाने को कहा। इसके बाद पालिका, विकास प्राधिकरण और पुलिस के अफसरों ने बागपत-मेरठ रोड और बड़ौत रोड सुबह शाम तीन बजे तक अतिक्रमण हटाया गया।
इस दौरान सपा नेता बिल्लू प्रधान के ऑफिस के पास पड़ी टीन शेड और रालोद नेता का होर्डिंग हटवाया। कुछ दुकानदारों और लोगों ने इसका विरोध किया। उनकी अफसरों से नोकझोंक भी हुई। उन्होंने हंगामा भी किया। पुलिस ने लाठियां फटकाकर उनको खदेड़ा। मेरठ रोड पर वाणिज्य कर विभाग के बोर्ड को भी उखाड़ दिया । नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ललित कुमार आर्य ने बताया दुकानदारों ने खुद ही सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर दिया है। मात्र 18-20 दुकानों और स्थानों पर जेसीबी से टीन शेेड और सामान हटाया। उसको जब्त कर लिया। किसी ने भी इसका विरोध नहीं किया है।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी
बागपत। शनिवार को व्यापारी नेता नंद लाल डोगरा के साथ शहर के दुकानदार डीएम ह्दय शंकर तिवारी से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे, यहां मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने के दौरान मौके पर ही व्यापारी बाजार में ही डीएम से मिले। व्यापारियों ने कहा प्रशासन निर्धारित समय से पहले ही सड़कों से अतिक्रमण हटाने लगा। अनुरोध करने के बाद भी अफसरों ने उनके सामान को तोड़ डाला। जोकि गलत है।
भीड़ भगाने में पुलिस ने किया बल का प्रयोग
अतिक्रमण हटाते समय वहां पर दुकानदार और लोग काफी संख्या में इकट्ठे होकर हंगामा करने लगे थे। पुलिस ने उनको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुए। पुलिस ने सख्त रुख अपनाकर हल्के बल का प्रयोग किया। लाठियों से उनको खदेड़ा। इस दौरान कई लोगों को पुलिस ने पकड़कर सख्त हिदायत भी दी।