बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र के गांव बरनावा में स्थित मंदिर के महंत को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित महंत ने थाने में तहरीर देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। दूसरी तरफ भाजपा नेताओं ने थानाध्यक्ष से महंत को धमकी देने वालों को शीघ्र पकड़ने की मांग की।
थाना क्षेत्र के गांव बरनावा में भूमिया स्थान पर मंदिर है। इस मंदिर में आनंद मूर्ति महाराज महंत रहते हैं। विगत दो दिन से उनके मोबाइल फोन पर कोई अज्ञात व्यक्ति गाली-गलौच करने के साथ ही मंदिर न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। फोन पर लगातार धमकी मिलने के बाद महंत दहशत में हैं। शनिवार को पीड़ित महंत ने बिनौली थाने में धमकी के संबंध में तहरीर दी और पुलिस से जान की सुरक्षा कराने की गुहार लगाई है।
दूसरी तरफ महंत को धमकी मिलने की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष से बरवाना गांव के मंदिर के महंत को धमकी देने के मामले की गंभीरता से जांच कराकर दोषी के खिलाफ शीघ्र ही कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी तेजेंद्र पाल सिंह ने कहा बरनावा के मंदिर के की तहरीर मिल गई, फोन की कॉल डिटेल निकलवा कर जांच कराई जा रही है।
मकान की दीवार तोड़ रास्ता किया बंद
बड़ौत। फौलादनगर की एक परिवार की महिलाएं तहसील पहुंची और एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके मकान की दीवार उखाड़कर रास्ता बंद कर दिया है और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बेगम पत्नी फिरोजू ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस पर एसडीएम दीपाली कौशिक ने थानाध्यक्ष दोघट को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।