बागपत के बड़ौत के जलालपुर गांव में सोमवार की रात घर में सोए भट्ठा मजदूर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह इसकी सूचना मिलने पर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जलालपुर गांव निवासी साजिद (24) पुत्र हारुण गांव में ही स्थित ईंट भट्ठे पर परिवार के साथ मजदूरी करता था। सोमवार रात वह नौ बजे मकान के बाहर बैठक में सोया हुआ था। सुबह उसकी छोटी बहन साजिदा उसे उठाने आई, तो वह उल्टा पड़ा था। उसे काफी जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह मृत पड़ा था। उसका पिता हारुण जब आया, तो उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह मृत था और उसके गले पर खरोंच के निशान थे। उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। मृतक के पिता हारुण ने बताया कि रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर किसी का फोन भी आया था। उसने आशंका जताई कि वह उसके साथ गया और उन्होंने उसकी हत्या कर उसे चारपाई पर लेटाकर चला गया। हत्या की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। सीओ कर्मवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजवाया। साजिद की हत्या के बाद उसकी मां नसीमा का रोते बुरा हाल था। परिवार की महिलाएं उसे ढांढस बंधाने में जुटी थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा कि श्रमिक के मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है। उसकी कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने व कॉल डिटेल के बाद ही हत्या के कारणों का पता लग सकेगा।
ट्रांसपोर्टर के मकान पर गोली चलाई
बड़ौत। रामबाग कॉलोनी में सोमवार को एक ट्रांसपोर्टर के मकान पर गोली चलाने से सनसनी फैली गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। रामबाग कॉलोनी मेें सोमपाल पुत्र हरि सिंह का मकान है। वह ट्रांसपोर्टर है। सोमवार की रात्रि दस बजे के लगभग उसका परिवार सो रहा था। इसी दौरान किसी बदमाश ने उसके परिवार पर निशाना साधते हुए गोली चलाई, गोली की आवाज से मोहल्ले में दहशत पसर गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। ट्रांसपोर्टर ने बताया कि 22 फरवरी को उनके मकान पर अज्ञात बदमाशों ने रंगदारी का पत्र भेजा था और न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। यह मामला कोतवाली में दर्ज है। इस संबंध मेें ट्रांसपोर्टर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।