तहसील परिसर में स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय में शुक्रवार को तोड़फोड़ कर दी गई। क्षेत्रीय खाद अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने राशन डीलर कृष्णपाल पर अपने परिवार के लोगों के साथ कार्यालय में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ कर सरकारी दस्तावेज फाड़ने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एआरओ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि शहर के सिसाना रोड निवासी राशन डीलर कृष्णपाल, राशन वितरित नहीं करता है। इसकी लगातार शिकायत मिल रही थी। शुक्रवार को जांच की गई तो सस्ता गल्ले की दुकान बंद मिली। दोपहर के समय वे जिला आपूर्ति कार्यालय में बैठे हुए थे।
इसी दौरान आरोपी कृष्णपाल अपने पांच-छह लोगों के साथ ऑफिस में पहुंचकर उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं ऑफिस में तोड़फोड़ कर सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। इससे वहां पर हंगामा हो गया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने कृष्णपाल समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में कृष्णपाल, उनके बेटे मोनू, कालू, आंसू और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह यादव का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी कृष्णपाल क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पर कई गंभीर आरोप लगाए है।