बागपत। स्वास्थ्य विभाग में एनएमए के पद पर कार्यरत अजय कुमार शर्मा से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये न देने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
सीएमओ दफ्तर में तैनात एनएमए (नॉन मेडिकल असिस्टेंट) अजय कुमार शर्मा ने बताया बागपत शहर में रहने वाला एक व्यक्ति खुद को नेता बताता है और उनसे रुपये की मांग करता है। 22 अक्तूबर को आरोपी कार्यालय में आकर बोला यदि आपको जनपद में नौकरी करनी है तो मुझे दो लाख रुपये देने होंगे, नहीं तो आपकी झूठी शिकायत ऊपर करूंगा। साथ ही धमकी दी यदि पैसे नहीं दिए तो मैं तुम्हें जान से मरवा दूंगा। इससे पहले भी आरोपी ने उनको काफी परेशान किया।
धमकी दी जनपद के समस्त प्राइवेट चिकित्सकों से मेरी दवाई उन पर दबाव डलवाकर लिखवाई जाए। आरोपी अंग्रेजी दवा के कार्य में पूर्णत: संलिप्त है। आरोपी व्यक्ति उनसे विधान सभा चुनाव लड़ने के लिए बार-बार पैसे की मांग करता है। मना करने पर तरह-तरह की धमकी देता है। इससे उनका पूरा स्टाफ असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने बृहस्पतिवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने कहा मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। उधर, आरोपी सुधीर गंधर्व ने बताया वे आरटीआई कार्यकर्ता है। उसने एनएमए से सूचना मांगी थी। इसी रंजिश में उन पर रंगदारी का झूठा आरोप लगाया गया है।
रंगदारी मांगने के आरोप में एक युवक को हिरासत में
बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने एसी मिस्त्री से दस लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है। देर रात तक युवक से पुलिस अफसर पूछताछ करने में जुटे रहे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कई माह से छपरौली चुंगी निवासी एसी मिस्त्री सलीम से कोई व्यक्ति फोन करके दस साल रुपये की रंगदारी मांग रहा था।
सलीम की शिकायत पर पुलिस ने सलीम के फोन की जांच कराई तो कोतवाली क्षेत्र के बड़का रोड निवासी साजिद का नाम सामने आया। उन्होंने बताया जांच के बाद साजिद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने साजिद के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार सलीम को तंग करने के लिए साजिद रंगदारी की मांग कर रहा था।