इनामी बदमाश अजित उर्फ हप्पू के बावली और छछरपुर गांव के जंगल में होने की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
बृहस्पतिवार की तड़के बदमाश की तलाश में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जंगल में डेरा डाल कांबिंग की। ड्रोन के सहारे भी बदमाश की तलाश की गई, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। पुलिस ने अन्य ठिाकानों पर दबिश दी है।
सीओ सीपी सिंह के मुताबिक इनामी बदमाश अजित उर्फ हप्पू बावली और छछरपुर गांव के बीच जंगल में अपने गिरोह के साथ छिपा हुआ है। इस सूचना पर सीओ, छपरौली, दोघट और रमाला के थानाध्यक्ष, पुलिस बल, एसओजी और क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां पहुंचकर पूरे जंगल में हप्पू की तलाश के लिए कांबिंग की।
कांबिंग के दौरान पुलिस के कुछ हाथ नहीं लगा। फिर पुलिस लाइन से ड्रोन मंगाया गया। ड्रोन के सहारे फिर जंगलों में अजित उर्फ हप्पू की तलाश की गई। पुलिस बल का बदमाश की तलाश में ऑपरेशन करीब चार घंटे तक चला।
सीओ का दावा है कि अजित उर्फ हप्पू किसी जंगल में शरण लिए हुए है।
पुलिस की आहट देखकर लगता है कि वह कुछ समय के लिए इस जंगल को छोड़ दूसरे जंगल में चला जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि अब पुलिस के निशाने पर अजित उर्फ हप्पू है। पुलिस को उसके बारे में बृहस्पतिवार की सुबह सटीक सूचना मिली थी। सीओ सीपी सिंह ने बताया कि उसकी तलाश जारी रखी जाएगी।