बागपत । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के स्कूल के हेडमास्टर के तीन साल तक युवती की अस्मत लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है टीचर ने युवती की अश्लील वीडियो बनाई, इतना ही नहीं अशोभनीय बातें लिखे कागज दीवारों पर चिपकाए। पुलिस ने आरोपी टीचर को हिरासत में ले लिया। इसको लेकर कोतवाली पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है।
युवती के परिजनों ने कोतवाली पुलिस को बताया युवती पड़ोस के गांव में प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के प्राइमरी स्कूल के हेड मास्टर की उनके गांव में रिश्तेदारी है। हेड मास्टर गांव में आता-जाता रहता था। उसने युवती को करीब तीन साल पहले बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसा लिया था। आरोपी उसकी अस्मत लूटता रहा।
पुलिस सूत्रों की माने तो युवती के परिजनों ने मौखिक रूप से यह भी बताया आरोपी ने युवती की अश्लील वीडियो बना ली और उसको ब्लैकमेल करा रहा। इतना ही नहीं अश्लील शब्द लिखे कागज दीवारों पर चिपका दिए। बाद में युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा। मना करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। युवती ने घर में मामले की जानकारी दी तो इसका पता चला। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने आरोपी टीचर को हिरासत में ले लिया है।
इस मामले में कोतवाली एसएसआई लोकेंद्र शर्मा ने कहा मामले की जांच की जा रही है। इसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरोपी हेड मास्टर ने कहा युवती और उसके परिवार से उसकी अच्छी जान पहचान है, लेकिन उसने कोई गलत काम नहीं किया है। उस पर लगाया गया आरोप पूरी तरह से गलत है।