बागपत। एसपी दफ्तर पर दहेज हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने एवं धोखाधड़ी से जमीन का बैनामा कराने के मामले को लेकर पीड़ितों ने प्रदर्शन किया।
मुजफ्फरनगर जनपद के राजपुर गढ़ी गांव निवासी बिमलेश ने एसपी को बताया छह मई को उसकी बेटी अंजू की दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने हत्या की। इस मामले में पति, सास, ससुर, देवर, ननद के खिलाफ बिनौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा। शेष आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। जबकि आरोपी उन्हें फैसला न करने पर मारने की धमकी दे रहे हैं। उसने एसपी से आरोपियों की गिरफ्तार कराने की मांग की।
मोहल्ला हरिजन वाल्मीकि पुराना कस्बा बागपत निवासी सुशील कुमार ने एसपी को बताया कि उसने मोहल्ले के सुशील कुमार से 26 दिसंबर 2017 को जमीन खरीदी। तभी से वह इस भूमि पर खेती कर रहा है। उन्होंने धोखाधड़ी कर बड़ौत रोड बागपत निवासी यशवीर चौहान पर इस भूमि का बैनामा करने का आरोप लगाया। इस मामले में उन्होंने बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी उन्हें मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं आरोपी पक्ष के यशवीर चौहान ने बताया कि उसके ऊपर लगाए गए आरोप गलत है। उसने रुपये देकर जमीन का बैनामा लिया है। उसके पास पुख्ता सबूत है। एसपी जयप्रकाश ने दोनों मामलों में जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में सुशील, सुनीता देवी, कुसुम देवी, गीता देवी, राजू, राजेंद्र, अमित आदि रहे।