बड़ौत (बागपत)।
कुछ असामाजिक लोगों ने मंगलवार को शाम के समय बड़ौली रोड स्थित विद्युत निगम के मुख्य शिकायत केंद्र के पास गणेश विसर्जन की शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर हमला बोल दिया। इस दौरान हमलावरों ने श्रद्धालुओं पर ईट, पत्थर और लोहे की रोड से जानलेवा हमला बोल दिया। इससे तीन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ लोगों ने तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया । श्रद्धालुओं ने पुलिस को तहरीर देकर असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करने की मांग की।
घायलों में मोहित चंचल और रोहित चंचल पुत्रगण अश्वनी और धनपाल पुत्र श्रीराज कूपर निवासी पट्टी चौधरान शामिल हैं। पट्टी चौधरान वाल्मीकि बस्ती के युवक गणेश महोत्सव के बाद मंगलवार को शाम के समय गणेश विसर्जन शोभा यात्रा निकाल रहे थे। जैसे ही शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई बड़ौली रोड पर विद्युत निगम के मुख्य शिकायत केंद्र के पास पहुंची तो कुछ असामाजिक तत्वों ने श्रद्धालुओं पर ईट, पत्थरों और लोहे की रोड से हमला बोल दिया। इससे शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने भागकर जान बचाई। कुछ लोगों ने फोन करके पुलिस को घटना की सूचना दे दी। शोभायात्रा पर हमला करने की सूचना मिलते ही श्रद्धालु एकत्र पहुंच गए और हमलावरों को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे । कुछ लोगों ने तीनों घायलों को सीएचसी में भेजा।
घटना को लेकर आक्रोशित श्रद्धालुओं ने थाने में पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तहरीर दी। दूसरी तरफ गणेश विसर्जन शोभायात्रा पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अफसरों में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी हरेराम यादव ने कहा कुछ लोगों ने शराब के नशे में हमला किया है, कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।