बिनौली (बागपत)।
थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात में प्रेम प्रसंग के चलते युवक को घर से बुलाकर प्रेमिका के परिजनों ने पहले शराब पिलाई। जंगल में लेकर उसकी जमकर पिटाई की और उसे 40 फुट गहरे कुएं में डाल कर चले गए। सुबह लोगों ने युवक को कुएं से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में तहरीर दी।
बिनौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उसका गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शुक्रवार की रात में प्रेमिका के परिजनों ने फोन कर उसे घर बुलाया। पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद वे उसे जंगल में ले गए। उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। जब वह बेहोश हो गया तो उसे मरा समझ कर 40 फुट गहरे कुएं में डाल दिया। शनिवार की सुबह वहां से गुजर रहे किसानों ने युवक के कराहाने की आवाज सुनी। उन्होंने युवक को कुएं से बाहर निकाला और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में थाने पर तहरीर दी। इस घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।