अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे में शनिवार की रात में सहकारी चीनी मिल बागपत के कर्मचारी की नाले में गिरकर मौत हो गई। रविवार की सुबह पुलिस ने शव को नाले से निकाला। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
सूरजपुर महनवा गांव निवासी जयप्रकाश (65) सहकारी चीनी मिल बागपत में कर्मचारी था। बेटे योगेश ने बताया कि वह शनिवार की रात में मिल में ड्यूटी पर आया । रात्रि में दो बजे के लगभग तबीयत खराब होने पर साइकिल से घर लौट रहा था। अग्रवाल मंडी टटीरी में सूरजपुर महनवा मार्ग पर नाले में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। रविवार को सुबह के समय नाले में शव पड़ा मिलने से ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंपा। मिल कर्मचारी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि रात्रि में नाले में गिरकर जयप्रकाश की मौत हुई है।