बागपत। शहर की कश्यप कालोनी में शनिवार की रात अंगीठी में अलाव जलाकर कमरे में सो रहा व्यक्ति आग लगने से झुलस गया। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
कश्यप कालोनी बागपत निवासी राजेश शर्मा (50) पुत्र गंगा प्रसाद शनिवार की रात घेर में बने कमरे में सर्दी से बचने के लिए चारपाई के पास अंगीठी पर अलाव जलाकर सो रहा था। रात्रि में एक बजे के लगभग रजाई में आग लग गई। कपड़ों में आग लगने के बाद वह बाहर की तरफ भागा। पड़ोसी अजीमुद्दीन के मकान का दरवाजा खुलवाया। पड़ोसी ने पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वह 60 प्रतिशत जल चुका था। परिजनों ने रात्रि में ही उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।