अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के कमाला गांव में पिटाई से घायल दलित युवक जिंदगी की जंग हार गया। मेरठ के अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इसकी सूचना के बाद गांव में मातम पसर गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस ने मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया। प्रेमी युगल की मदद करने के शक में गुर्जर समाज के युवकों ने दलित आकाश पर हमला किया था। सीओ बागपत ने युवक के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, इसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया।
कमाला गांव निवासी दलित धनपाल के 23 वर्षीय बेटे आकाश की प्रेमी युगल की मदद करने के शक में 27 अप्रैल को सात युवकों ने अगवा कर बेरहमी से पिटाई कर दी थी। उसके निजी अंगों पर तमंचे से वार किए थे। हमलावर उसे गांव के बाहर फेंककर भाग गए थे। पहले कई दिन तक दलित युवक के परिजनों ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी नहीं दी। युवक की हालत बिगड़ने पर दो मई को परिजनों ने सिंघावली अहीर थाने में सात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । घायल का मेरठ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार को सुबह के समय दलित युवक आकाश की मेरठ में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
युवक की मौते की सूचना मिलते ही एसपी जयप्रकाश ने सुरक्षा की दृष्टि से पीड़ित के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया। शाम पांच बजे मेरठ में पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव में पहुंचा। दलित युवक का शव गांव पहुंचते ही मातम और आक्रोश छा गया। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सीओ के युवक के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देने के बाद परिजनों ने देर शाम शव का अंतिम संस्कार किया। एसपी ने बताया कि पिटाई से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस आरोपी सात युवकों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस ने मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया है।
बेकसूर था मेरा बेटा, जालिमों ने ली जान
अमीनगर सराय । मृतक युवक आकाश के पिता धनपाल ने बताया कि प्रेमी युगल को भगाने में उसके बेटे का कोई हाथ नहीं था। वह उनके बारे में कुछ नहीं जानता था, लेकिन इसके बाद भी उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका बेटा बेकसूर था।
मनीष की हुई थी पिटाई, दिखाए अपने घाव
अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के कमाला गांव में 27 अप्रैल को मृतक आकाश के साथी मनीष की भी पिटाई की गई थी, लेकिन वह हमलावरों के चंगुल से छूटकर भाग गया था। मनीष ने अपने शरीर पर चोट के निशान पुलिस को दिखाए और बताया कि सात युवकों ने आकाश को बेरहमी से पीटा था। उसके निजी अंगों पर भी तमंचों से वार किए गए थे। उन्हें शक था कि आकाश ने प्रेमी युगल की मदद की है।
शादी के बाद प्रेमी के साथ चली गई थी युवती
अमीनगर सराय। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि कमाला गांव में का एक दलित युवक गांव की गुर्जर बिरादरी की युवती से प्रेम करता था। लड़की के परिजनों ने उसकी शादी कर दी थी। 25 अप्रैल को शादीशुदा युवती अपने पूर्व प्रेमी दलित युवक के साथ चली गई थी। हमलावरों को शक था कि युवती को लेकर फरार हुआ युवक की मोहल्ले का आकाश मदद कर रहा है। 27 अप्रैल को आकाश की पिटाई की और इसी दिन प्रेमी युगल बरामद हो गया।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
अमीनगर सराय। दलित युवक के परिजनों ने थाना सिंघावली अहीर में कमाला गांव निवासी अंकुर पुत्र भूरू, दीपक पुत्र राजपाल, सन्नी पुत्र धर्मी, अनुज पुत्र राजबीर, कविंद्र पुत्र राज सिंह, मोनी पुत्र रामेश्वर, नकुल उर्फ भेडिय़ा पुत्र मुकेश के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 324, 504, 506, 307 आईपीसी व एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
बर्बरता के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल
अमीनगर सराय। आकाश की पिटाई के बाद इलाज के दौरान के फोटो भी सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हो गए। इसके अलावा उसके साथ मनीष ने भी मीडिया के समक्ष अपनी चोटों को दिखाया। एसपी का कहना है कि मनीष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
बेटा मार दिया, बेटियां सुरक्षित नहीं
अमीनगर सराय। आकाश का शव गांव में पहुंचते ही परिवार की महिलाएं बिलख गई। उन्होंने कहा कि उनका बेटा तो मार दिया है, अब भी बेटियां सुरक्षित नहीं है। आखिर वह कहां जाएं।