चांदीनगर (बागपत)। ढिकौली गांव के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में किसान का फांसी लगा शव पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने मृतक के छोटे भाई पर जेल से हत्या कराने का आरोप लगाकर तहरीर दी।
ढिकौली गांव निवासी 61 वर्षीय किसान चंद्रपाल पुत्र भगवान सिंह मंगलवार सुबह पांच बजे घर से घूमने के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि राजेंद्र के खेत में पेड़ पर चंद्रपाल का शव लटका हुआ है। सूचना पर मृतक का बेटा सुरेंद्र और अन्य परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के बेटे सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की हत्या की । चार माह पहले चंद्रपाल को छोटे भाई पवन ने गोली मारकर घायल किया था। आरोपी पवन जेल में बंद हैं। उन्होंने चाचा पर ही हत्या कराने की आशंका जताई है। उसने बताया कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटकाया है। किसान की मौत से परिवार में मातम पसर गया। सुरेंद्र ने चांदीनगर थाने में अपने चाचा के खिलाफ तहरीर दी। थाना चांदीनगर के अध्यक्ष राजेश कुमार भारती ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।