बड़ौत (बागपत)। छपरौली कस्बे मेें उपभोक्ताओं से बिजली का मीटर खराब बताकर दो से पांच हजार रुपये की अवैध उगाही करने वाले पकड़े गए फर्जी जेई व एसडीओ का मामला अभी ठंड भी नहीं हुआ कि बृहस्पतिवार की दोपहर गुराना रोड पर पहुंची फर्जी निगम के कई सदस्यों ने उपभोक्ताओं से अवैध वसूली का प्रयास किया, शक होने पर उपभोक्ताओं ने उन्हें घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई की और इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही टीम के सदस्य उपभोक्ताओं को चकमा देकर बाइक पर सवार होकर भाग निकले। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की है।
उल्लेखनीय है कि छपरौली कस्बे में काफी समय से फर्जी जेई व एसडीओ उपभोक्ताओं से खराब मीटर बताकर अवैध वसूली कर रहे थे। गत सोमवार को शक होने पर ग्रामीणों ने फर्जी जेई व एसडीओ को दबोचा लिया और उनकी जमकर धुनाई की और सूचना पर एसडीओ गोपाल व अवर अभियंता नरेंद्र प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में आरोपियों ने देशपाल की पत्नी सीमा से मीटर बदलने के नाम पर 2500 वसूलना कबूले।
यह प्रकरण अभी ठंड भी नहीं हुआ कि बृहस्पतिवार को निगम की फर्जी टीम बनकर तीन युवक गुराना व खिरनी मोहल्ले में पहुंचे और मीटर शट बताकर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली का प्रयास किया, उपभोक्ताओं को शक हुआ तो उन्होंने उन्हें घेर लिया और उनकी धुनाई शुरू कर दी। उपभोक्ताओं ने सूचना पुलिस को दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकले। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत निगम के अफसरों से की। इस संबंध मेें एसडीओ विकास अहलावत और जेई रवि प्रताप ने कहा शिकायत मिली थी, उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी बाहरी तत्वों के चक्कर में न आए, बिजली संबंधित शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए सीधे कार्यालय पर संपर्क करें।