बड़ौत (बागपत)।
पूर्वी यमन नहर बड़ौली पुल के नीचे बृहस्पतिवार को एक बार फिर गोवंश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर सीओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे और गोवंश के अवशेषों को निकालकर कोतवाली ले गए। काफी देर हंगामा होने के बाद पता चला कि ये पिछले दिनों मिले गोवंश के ही अवशेष हैं जो पानी कम होने के कारण दिखाई पड़े हैं।
हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मधुसुदन शास्त्री, अंकित बड़ौली, सचिन वत्स आदि को सूचना मिली की कि पूर्वी यमन नहर की बड़ौली पुल के नीचे एक बोरे में गोवंश के अवशेष पड़े हैं। इस पर सभी वहां पहुंचे। सूचना पर सीओ रमानंद कुशवाहा, कोतवाली प्रभारी एके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो उनकी कार्यकर्ताओं से नोकझोंक हुई। सूचना पर भाजपा नगर अध्यक्ष सोहनवीर, पालिका के चेयरमैन अमित राणा भी मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा शहर में मीट की दुकानें अब भी खुली हैं और गोवंश के अवशेष मिलने से लगता है कि आसपास कोई गिरोह सक्रिय है। घंटों हंगामे के बाद पुलिसकर्मियों ने नहर में पड़े अवशेषों को निकालकर गाड़ी में रख लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा इसी स्थान पर दो दिन पहले मिले गोवंश के अवशेषों के मामले मेें नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस से स्पष्ट कहा कि नगर में मीट की दुकानेेें पूर्णतया बंद हों और गो तस्करों के खिलाफ कार्रवाई हो, नहीं तो आंदोलन होगा। सीओ रमानन्द कुशवाहा ने बताया कि जो अवशेष मिले हैं, वे दो दिन पहले मिले अवशेषों का हिस्सा है। उस दिन पानी भरा होने से दिखाई नहीं दिए थे।
छापेमारी की
बड़ौत। पुलिस ने सरकुलर रोड पर मुर्गों की दुकानों पर छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन उनके पास लाइसेंस होने के कारण उन्हें छोड़ दिया गया। इसके अलावा बड़का रोड व अन्य स्थानों पर पुलिस ने छापे मारे तो वहां पर दुकान बंद मिली।