बागपत। सोशल मीडिया पर पुलवामा हमले के शहीद जवानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी शेयर करने के मामले में खेकड़ा पुलिस ने आरोपी डाकघर कर्मचारी को थाने से छोड़ दिया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोपी को छोड़ने पर आक्रोश जताया। एसपी से शिकायत करने का निर्णय लिया।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों पर मो. हनीफ पुत्र बूंदा खान निवासी बागपत के व्हाट्सएप नंबर से आपत्तिजनक टिप्पणी शेयर की गई। मो. हनीफ खेकड़ा के उप डाकघर में कर्मचारी पद पर तैनात है। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता राहुल चौहान निवासी गुराना रोड बड़ौत ने आरोपी के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। खेकड़ा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। बुधवार को खेकड़ा पुलिस ने आरोपी को थाने से छोड़ दिया। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आरोपी को थाने से छोड़ने पर आक्रोश जताया। मंच के जिलाध्यक्ष मधुसूदन शास्त्री, उपाध्यक्ष दीपक बामनौली, युवा जिलाध्यक्ष अंकित बड़ौत ने कहा कि यदि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। एसपी से मुलाकात कर शिकायत की जाएगी। खेकड़ा थानाध्यक्ष उमेश रोरिया ने बताया कि डाकघर कर्मचारी पर लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है। मंगलवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। परिजनों की सुपुर्दगी में घर भेजा गया है।