बागपत। लोनी से तीन साल पहले चोरी किए गए ट्रक को पुलिस ने बरामद कर लिया। चोर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेजा।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार को सूचना मिली की कि चमरावल मार्ग की तरफ से चोरी का ट्रक आ रहा था। इस सूचना पर उन्होंने एसआई नरेश सिंह को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने चमरावल रोड पर रोज पब्लिक स्कूल के पास चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद सामने से ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक के आगे गाड़ी लगाकर रुकवा लिया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शौकीन पुत्र नूर निवासी सलावतपुर खेड़ी थाना खेकड़ा बताया। उसने यह ट्रक तीन साल पहले लोनी से चोरी किया था। अब उसे रूपयों की जरूरत थी। इसलिए वह ट्रक को बेचने के लिए जा रहा था। एसआई नरेश ने चोर शौकीन के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि चोर को न्यायालय मेें पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेजा । ट्रक मालिक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे है।