बड़ौत (बागपत)।
बड़ौली गांव में अपने घेर में बैठे सेवानिवृत्त शिक्षक पर चार लोगों ने गाली-गलौच कर जान से मारने की नियत से फायर झोंका। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। गोली की आवाज सुनकर गांव में अफरातफरी मच गई। उन्होंने कोतवाली में पहुंचकर चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
सेवानिवृत्त शिक्षक महेंद्र पुत्र ब्रहम सिंह बृहस्पतिवार की देर शाम अपने घेर में बैठे थे। तभी चार युवक हाथों में तमंचे लेकर वहां पहुंचे और उन्होंने गाली-गलौच कर उन पर तमंचों से फायर किए। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई और बाद में चारों युवक तमंचे लहराते हुए भाग निकले। उन्होंने देर शाम कोतवाली में पहुंचकर चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक ने गांव के ही एक व्यक्ति को अपनी जमीन बटाई पर दी, लेकिन इस वार शिक्षक ने उनसे जमीन वापस ले ली। इस रंजिश के चलते उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी।