दोघट (बागपत)। पलड़ी गांव के जंगल में किसान को बारहसिंघा घायल अवस्था में पड़ा मिला। किसान बारहसिंघा को अपने घर ले गया और चिकित्सक से उसका इलाज कराया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम बारहसिंघा को अपने साथ ले गई।
पलड़ी गांव निवासी सरदार सिंह पुत्र जिले सिंह शनिवार की सुबह अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान खेत में उन्हे बारहसिंघा घायल अवस्था में मिला। उन्होंने आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों की मदद से बारहसिंघा को बुग्गी में लदवा लिया और अपने घर ले गया। घर पर चिकित्सक को बुलाकर इलाज कराया। इस दौरान बारहसिंघा को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और घायल बारहसिंघा को संत नगर नर्सरी ले गई। वन क्षेत्रीय अधिकारी राजपाल सिंह, वन रक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बारहसिंघा पर किसी जंगली जानवर से हमला किया है। उपचार कराने के बाद ठीक होने पर बारहसिंघा को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।