अमीनगर सराय (बागपत)। घर से फरार प्रेमी युगल की मदद करने के शक में दलित युवक पर किए हमले के मामले में पुलिस ने अदूरदर्शिता से काम लिया। कमाला गांव के आकाश की हालत बिगड़ने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। रविवार को आकाश के साथ मनीष के पुलिस लाइन में बयान दर्ज किए । उधर, पीड़ित आकाश मेरठ के एक नर्सिंग होम में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
कमाला गांव के दलित युवक के साथ गुर्जर बिरादरी की शादीशुदा युवती घर से चली गई । इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बन गया। पुलिस ने युगल को मेरठ के परीक्षितगढ़ क्षेत्र से बरामद कर दोनों के परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद प्रेमी युगल की मदद करने के शक में दलित युवक आकाश पर हमला कर दिया था। गंभीर हालत में आकाश को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस मामले में देर से जागी। आकाश की हालत बिगड़ती देखकर पुलिस की कार्रवाई भी तेज होने लगी। मुकदमा दर्ज किया, यही नहीं सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रविवार को दलित पक्ष के किशोर मनीष के पुलिस लाइन में सीओ बागपत दिलीप कुमार ने बयान दर्ज किए। मनीष ने सीओ को पूरे प्रकरण के बारे में बताया।
आकाश के घर पर सन्नाटा, मोहल्ला खामोश
अमीनगर सराय (बागपत)। कमाला का दलित युवक आकाश मेरठ में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। आकाश के घर के दरवाजे बंद हैं, परिवार के सदस्य मेरठ के नर्सिंग में गए हुए हैं। उधर, मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है। अधिकतर लोग बोलने से बच रहे हैं। कह रहे हैं कि युगल बरामद हो गए हैं, इसके बाद से गांव में किसी तरह कोई का तनाव नहीं है।
गांव में शांति, पुलिस की नजर : एसपी
एसपी जयप्रकाश ने कहा कि गांव में पूरी तरह से शांति है। परिवार के लोगों ने किसी तरह का पलायन नहीं किया, वह इलाज के लिए अस्पताल गए हुए हैं। पुलिस की पूरे मामले पर नजर हैं।
दोनों पक्षों में चली फैसले की कवायद
अमीनगर सराय। आकाश पर हमले के बाद आरोपी पक्ष के कुछ लोग मेरठ में फैसले के लिए भी गए थे, लेकिन पीड़ित पक्ष ने इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी पक्ष की तरफ से गए लोग वापस लौट गए थे। युगल की बरामदगी के लिए गांव में दोनों पक्षों की पंचायत भी हुई थी।