बागपत। सोनीपत मार्ग पर निवाड़ा गांव के पास पर कार और बाइकों पर सवार 10-12 युवकों ने कार में सवार ट्रांसपोर्टर और उसके साथियों पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला बोल दिया। इसमें ट्रांसपोर्टर सहित पांच युवक घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नियत से उन पर पिस्टल से फायर भी किया, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दो आरोपियों को नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बागपत निवासी अन्नु जैन ट्रांसपोर्ट का काम है। बुधवार को एआटीओ ने गौरीपुर मोड़ पर ट्रांसपोर्टर अनुज उर्फ अन्नु जैन के ट्रक रुकवाए। आरोप है कि खेकड़ा के बंटी और हरेंद्र धामा ने उनसे रास्ते में ही ट्रक छोड़ने की एवज में रुपये मांगे। उन्होंने रुपये देने से इंकार कर दिया। इस पर उनके बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद अनुज जैन अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर गौरीपुर मोड़ की तरफ ट्रक छुड़वाने के लिए चल दिया। आरोप है कि सोनीपत मार्ग पर निवाड़ा गांव के पास बंटी और हरेंद्र अपने 10-12 साथियों के साथ कार और बाइकों पर सवार होकर आए और उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों व चाकू से हमला बोल दिया। ट्रांसपोर्टर के कार चालक नूर मोहम्मद की कमर में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब कार में सवार अन्य युवक जान बचाकर भागने लगे तो उन पर भी हमला बोल दिया और शिखर, अनुज जैन, शिवम, रोहित निवासी बागपत को भी मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उन पर पिस्टल से गोली भी चलाई। इसमें वे बाल-बाल बच गए। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसकी सूचना पुलिस को दी । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
इस संबंध में अनुज जैन ने बंटी और हरेंद्र निवासी खेकड़ा को नामजद समेत 8-9 अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिशें दी जा रही है। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।