बागपत। जिला जेल में बंदियों की मौज मस्ती का हर तरह का सामान उपलब्ध है। सुई से लेकर पिस्टल तक जेल की लगभग सभी बैरक में मौजूद है। जेल में बंदी योजना बनाने या किसी व्यक्ति को धमकाने के लिए स्मार्ट फोन तक चला रहे हैं। जेल प्रशासन की मिलीभगत के कारण जिला जेल में बड़ा खेल चल रहा है।
जिला जेल में डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद जेल से धीरे-धीरे कई राज बाहर आने लगे हैं। हत्या के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिला जेल में पिस्टल पहुंचना सबसे बड़ा सवाल है। जेल से बदमाश वारदातों की योजना बना रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जिला जेल की कई बैरक में सुई से लेकर पिस्टल तक मौजूद है। पुलिस जेल में तलाशी अभियान चलाए तो बैरकों से हथियारों का जखीरा निकल जाएगा। पिछले दिनों से मंडलायुक्त मेरठ के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने जिला जेल में छापा मारा तो जेल की विभिन्न बैरक में स्मार्ट फोन, सुआ, चाकू, गांजा, सिगरेट आदि बंदियों के कब्जे से बरामद हुए थे, लेकिन इसके बाद भी जेल प्रशासन ने सबक नहीं सीखा। इसके बाद जेल में यह खेल खुलकर खेला जाने लगा। जेल से बदमाश फोन पर बाहर के लोगों से रंगदारी मांग रहे हैं। हत्या की धमकी दे रहे हैं। बदमाश जेल में योजना बनाकर लोगों की हत्या तक करा रहे हैं। जेल प्रशासन के संरक्षण में बड़ा खेल चल रहा है। डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद दो-चार दिन सख्ताई रहेगी, इसके बाद फिर जेल में वही हालात हो जाएंगे।