खेकड़ा (बागपत)।
नगर के मोहल्ला चक्रसेनपुर में रात्रि में चोरों ने खाली प्लाट में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने खेकड़ा थाने में तहरीर दी।
नगर के मोहल्ला चक्रसेनपुर में ओमदत्त शर्मा का खाली प्लाट पड़ा है। प्लाट में पड़ोसी अपनी कार खड़ी करते हैं। रविवार की रात्रि में प्लाट में तुषार, अजय, ओमदत्त शर्मा की कार खड़ी थी। रात्रि में चोरों ने तीनों गाड़ियों के शीशे तोड़े और गाड़ियों से स्क्रीन, चार्जर, पेन ड्राईव, गाड़ियों के कागज एवं अजय शर्मा की गाड़ी में रखे अड़तीस हजार रुपये चोरी कर लिए। सोमवार की सुबह गाड़ी क्षतिग्रस्त कर सामान व नगदी चोरी होने का पता लगने पर गाड़ी मालिक दंग रह गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने मोहल्ले में मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद पीड़ित गाड़ी मालिकों ने खेकड़ा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।