बागपत। कचहरी परिसर से चार माह पूर्व फरार हुए 25 हजार के ईनामी जावेद रटौल कुर्की का नोटिस चस्पा होने के बाद भी न्यायालय में पेश नहीं हुआ। पुलिस ने कुख्यात जावेद व उसके भाई फरियाद के खिलाफ कोतवाली में न्यायालय में हाजिर न होने पर मुकदमा दर्ज कराया है। न्यायालय में धारा 83 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करने के लिए पत्र दाखिल कर अनुमति मांगी।
कचहरी परिसर से 27 जून को 25 हजार का ईनामी बदमाश जावेद रटौल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई। 27 सितंबर को कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर हापुड़ के लालपुर में जावेद के घर व उसके भाई फरियाद निवासी बुलंदशहर के नंगला गोविंदपुर के घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया था। एसएसआई धर्मेन्द्र सिंह संधू ने बताया कि कुर्की का नोटिस चस्पा किए जाने के बाद भी जावेद व उसका भाई फरियाद न्यायालय में हाजिर नहीं हुए। पुलिस ने दोनों भाई के खिलाफ न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उद्घोषणा की अपेक्षा अनुसार समय से हाजिर न होने पर धारा 174ए आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उनके घरों की कुर्की करने के लिए पुलिस ने न्यायालय में धारा 83 सीआरपीसी के तहत पत्र दाखिल कर अनुमति मांगी है।