दंपति पर किया हमला
बागपत। शहर के देशराज मोहल्ले में प्लाट के विवाद में कुछ लोगों ने दंपति को चाकू मारकर घायल कर दिया। चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
मोहल्ला देशराज निवासी अनवर ने बताया कि उसने ढाई साल पहले शहजाद से प्लाट खरीदा था। उसने पूरे पैसे दे दिए थे। लेकिन उन्होंने बैनामा नहीं किया था। सोमवार शाम वह बैनामा कराने के लिए शहजाद के घर पर बात करने गया था। उन्होंने उससे एक लाख रुपये और देने की मांग की। उसने रुपये देने से मना कर दिया। विवाद होने के बाद अनवर घर आ गया। थोड़ी देर बाद शहजाद समेत तीन-चार लोगों ने घर में घुसकर अनवर पर हमला बोल दिया। बचाव में आई उसकी वकील के साथ भी मारपीट की। हमलावरों ने दंपति को चाकू मारकर घायल कर दिया। इस संबंध में अनवर ने कोतवाली पर शहजाद, शोएब, रहीसू, रहीसन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है। लेकिन अभी वे फरार हैं।