बिनौली (बागपत)। दाहा मार्ग पर संतनगर गांव के पास स्थित एक डेयरी फार्म पर मंगलवार की रात में नकाबपोश बदमाशों ने मजदूरों को मारपीट कर बंधक बनाया और वहां से नगदी, मोबाइल सहित चार पशु लूटकर ले गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने कांबिंग की तो बदमाश एक पशु छोड़कर भाग गए।
बरनावा गांव निवासी रजनीश त्यागी का दाहा मार्ग पर संतनगर गांव के पास डेयरी फार्म है। मंगलवार की रात में करीब डेढ़ बजे छह नकाबपोश बदमाशों ने डेयरी फार्म के चौकीदार बरनावा निवासी सतीश वाल्मीकि को कवर किया। इसके बाद मजदूर महिपाल, उसकी पत्नी सुशीला, जसबीर, विजयपाल और सुरेंद्र निवासी सिनौली, धर्मपाल निवासी सिसौली को कमरे में ले जाकर जमकर पिटाई करने के बाद हाथ पैर बांधकर बंद कर दिया। बदमाशों ने महिपाल से मोबाइल और 500 रुपये, विजयपाल से 970 रुपये, सुरेंद्र से मोबाइल और 250 रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश फार्म में बंधी तीन भैंस और एक भैंसा खोलकर फरार हो गए। बाद में मजदूर कमरे की दीवार की ईंट उखाड़कर बाहर निकले और वारदात के संबंध में थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे और पशुओं के पैरों के निशान के आधार पर खिवाई के जंगल में पहुंचे और कांबिंग के दौरान एक पशु बरामद हुआ। फार्म के चौकीदार सतीश ने तहरीर दी । इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि डेयरी फार्म में लूटपाट करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।