जिला अस्पताल में सड़क हादसे में घायल युवक के भाई ने एंबुलेंस देरी से पहुंचने का आरोप लगाकर एंबुलेंस के चालक के साथ मारपीट कर दी। चिकित्सकों से भी अभद्र व्यवहार किया। सूचना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
बड़ौत रोड़ बागपत निवासी बबलू को लधवाड़ी मोड़ के निकट किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान बड़ौत की ओर से आ रही खाली एंबुलेंस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से युवक को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल पहुंचे घायल का भाई नीटू ने हंगामा शुरू कर दिया। चिकित्सकों से अभद्र व्यवहार किया। नीटू ने बताया कि दोनों भाई एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करते हैं। आरोप लगाया कि एंबुलेंस चालक राजीव उसके घायल भाई को लेकर रवाना नहीं हो रहा था। जबरन घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। उसने एंबुलेंस चालक राजीव के साथ मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। बाद मेें युवक ने सीएमएस को लिखित में माफीनामा दिया। इसके बाद उसे बिना किसी कार्रवाई के ही छोड़ दिया। चिकित्सकों ने घायल को हायर सेंटर के रेफर कर दिया। सीएचसी डॉ. बीएलएस कुशवाह ने बताया कि युवक ने चिकित्सकों से अभद्रता की। एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई की। उसने लिखित में माफी मांग ली है।