बड़ौत (बागपत)। खड़खड़ी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह राशन वितरण के दौरान कुछ दबंगों ने पुलिस और राशन वितरण करा रहे आरओ की मौजूदगी में राशन डीलर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान हमलावरों ने राशन डीलर पर फायर झोंकने का भी प्रयास किया, इससे गांव में दहशत फैल गई। विफल होने पर हमलावर राशन वितरण संबंधित कागजात फाड़कर भाग निकले। पुलिस ने एक हमलावर को धर दबोचा, जबकि अन्य फरार होने में कामयाब रहे। बाद मेें राशन डीलर के पक्ष में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोतवाली में प्रदर्शन किया।
खड़खड़ी गांव का राशन डीलर साबूद्दीन पुत्र मुरली बृहस्पतिवार सुबह प्रधान शमीम, आरओ सूर्य प्रकाश पाठक व पुलिस की मौजूदगी में राशन वितरण कर रहा था। तभी कुछ लोग वहां पर आए और राशन देने को कहा। राशन डीलर साबूद्दीन ने राशन कार्ड दिखाने को कहा तो आरोपियों ने राशन कार्ड नहीं होने की बात कहते हुए राशन डीलर से मारपीट शुरू कर दी और तमंचा निकाल फायर झोंकने का प्रयास किया। इससे वहां पर मौजूद लोगों मेें दहशत फैल गई। इसके बाद हमलावर राशन वितरण से संबंधित कागजात फाड़कर भाग निकले। हालांकि इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने एक हमलावर को धर दबोचा। बाद में राशन डीलर के पक्ष मेें आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काफी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पर पहुंचे और प्रदर्शन किया।
इस संबंध में प्रधान शमीम का कहना था कि राशन डीलर द्वारा गांव में सही ढंग से राशन वितरण किया जा रहा है, लेकिन कुछ लोग जानबूझकर गांव का माहौल खराब करने के लिए राशन डीलर के साथ आए दिन नोकझोंक व मारपीट कर रहे है। आरओ सूर्य प्रकाश पाठक का कहना था कि गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी के निर्देश पर गांव जाकर राशन वितरण करा रहा था, तभी कुछ लोगों ने राशन डीलर के साथ मारपीट शुरू कर दी। उधर राशन डीलर साबूदीन का कहना था कि हमलावरों ने तमंचे से फायर कर जान से मारने का प्रयास किया, विफल होने पर राशन वितरण संबंधित कागजात फाड़ दिए। बताया कि उक्त लोग ही आए दिन तहसील मेें झूठी शिकायत कर रहे हैं, जबकि राशन वितरण सही ढंग से किया जा रहा है। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ राशन डीलर साबूदीन ने कोतवाली पर तहरीर दी है। पुलिस ने मौसम नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।