बड़ौत। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक बावली रोड कार्यालय में हुई। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के कर्ज माफी की घोषणा को हवाई बताया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष राम कुमार ने कहा भाजपा ने सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों का समस्त कर्ज माफ करने का वादा किया था। पहली कैबिनेट की बैठक में ही किसानों के साथ धोखा किया है।
किसानों ने ट्रैक्टर और इंजन पर जो ऋण लिया है, उसका कहीं कोई जिक्र नहीं है। केवल कुछ किसानों का एक लाख रुपये ऋण माफ करने की बात हुई है। यह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने कहा किसानों को 14 दिन गन्ना भुगतान का समय दिया जो हवाई साबित हुआ। कानून व्यवस्था ठप है।
संचालन राकेश शर्मा ने किया। इसमें राजपाल, रवि प्रकाश, पुष्पेंद्र, हेमंत एडवोकेट, देवेंद्र चौहान, रमेश, हरेंद्र, अमित पंवार, ओमकार दत्त, प्रवीण रूहेला, कृष्ण हरि, पंकज उपाध्याय रहे।
भाजपाई चला रहे यांत्रिक कत्लखाने : साहब सिंह
बागपत । पूर्व विधायक और रालोद नेता चौधरी साहब सिंह ने कहा पीएम मोदी और सीएम योगी मुस्लिम विरोधी हैं। वायदों के अनुसार गन्ना भुगतान नहीं किया, बिजली कटौती हो रही है। यांत्रिक कत्लखाने में बीजेपी नेताओं की हिस्सेदारी है। अवैध खनन चल रहा है। बुधवार को रालोद कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा यूपी में सरकार बनने पर 14 दिन में गन्ना भुगतान का वादा था। सरकार बने 17 दिन बीत चुके हैं, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। कैबिनेट की बैठक हुई, इसमें भी गन्ना और बिजली के बारे में चर्चा नहीं की।