बड़ौत के बावली अंडरपास से निकलने के बाद बस का दृश्य, व छत पर चढ़े यात्री
- फोटो : BARAUT
बड़ौत। मुजफ्फरनगर सवारी लेकर जा रही बड़ौत डिपो की अनुबंधित बस सोमवार को बावली अंडरपास में हुए जल भराव में फंस गयी। इस दौरान पानी भरने से बस का इंजन खराब हो गया। देखते ही देखते बस पानी में डूब गयी। इससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा सुन खेतों में काम कर रहे लोग उधर दौड़े और किसी तरह दो-चार यात्रियों को निकालकर इसकी सूचना पुलिस व परिवहन विभाग को दी। सूचना पर पुलिस व बड़ौत डिपो के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन बुलाकर तकरीबन दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस को जल भराव से निकाला। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दिल्ली बस स्टेंड से सवारी लेकर बड़ौत डिपो की एक अनुबंधित बस मुजफ्फरनगर के लिए चली थी। इस दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बावली चुंगी के पास जाम लगा देख चालक ने बस को बावली अंडरपास से निकालने का प्रयास किया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों ने चालक व परिचालक को अंडरपास में जल भराव की स्थिति से अवगत कराया, बावजूद इसके चालक व परिचालक नहीं मानने। जैसे ही बस अंडरपास में घुसी, वैसे ही पानी होने के कारण बस पानी में डूबती हुए चली गयी। इससे यात्रियों की चीख निकलनी शुरू हो गयी, कई यात्री बसों की छतों पर चढ़कर चिल्लाने लगे। शोर-शराबा सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग उधर दौड़े और कई यात्रियों को निकाला। सूचना पाकर पुलिस व रोडवेज विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्रैन बुलायी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बस अंडरपास से निकाली गई। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
ये बोले बस संचालन प्रभारी
इस संबंध मेें बड़ौत डिपो के बस संचालन प्रभारी नरेंद्र मान ने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी मिल गई है। जांच कराई जा रही है, यदि चालक व परिचालक की लापरवाही मिलती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।