बागपत। हाईवे पर स्थित सिसाना गांव में बसपा प्रत्याशी और विधायक लोकेश दीक्षित की ओर से कैलेंडर बांटने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया। डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने बताया विधायक समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
उड़न दस्ता प्रभारी और अपर जिला सहकारी अधिकारी वेदप्रकाश द्विवेदी ने पुलिस को बताया वह टीम के साथ हाईवे स्थित सिसाना गांव में सोमवार शाम चेकिंग कर रहे थे। शाम करीब सात बजे बसपा प्रत्याशी लोकेश दीक्षित का फोटो युक्त कैलेंडर ( जिसमें बसपा के प्रतीक चिह्न हाथी छपा था) कुछ व्यक्ति बांट रहे थे। उन्हें रोकने पर वे कैलेंडर छोड़कर भाग गए। उक्त कैलेंडर को मौके पर सील कर दिया। कैलेंडरों पर न तो मुद्रक का नाम अंकित हैं और न ही मुद्रित प्रतियों की संख्या। उनकी तहरीर पर कोतवाली में घोषित बसपा प्रत्याशी लोकेश दीक्षित व अन्य व्यक्ति नाम पता अज्ञात के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत धारा 127 (ए) और 188 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज हुई। कोतवाली एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने कहा इस मामले में केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।
थाने में जमा कराएं लाइसेंसी हथियार
दोघट। विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने लाइसेंसी हथियार जमा करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष रणवीर सिंह यादव ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए आपराधिक लोगों को पुलिस ने चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। चुनाव में किसी को भी गड़बड़ी करने नहीं दी जाएगी। पूर्व में हुए चुनाव में जिन लोगों के नाम झगड़े में आए थे, उन लोगों को मुचलका पाबंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि थाने में शस्त्र लाइसेंस जमा करने का कार्य चल रहा है। जिन लोगों ने अभी तक शस्त्र जमा नहीं कराए हैं, वे शीघ्र ही शस्त्र जमा करा दें। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद की सीमा पर संघन चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। पुलिस हर वाहन को चेक कर रही है। वहीं, पुलिस ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से चुनाव में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।