बागपत में सोमवार की रात में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान एक कार की तलाशी लेने पर उसमें 1.28 लाख रुपये पुलिस ने पकड़े। आयकर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन ब्योरा न देने पर धनराशि जब्त कर ली।
सोमवार की रात में सीओ कर्मवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार औद्योगिक क्षेत्र पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी दिल्ली की ओर से एक कार आई। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पुलिस को 1.28 लाख रुपये मिले। इसमें विपिन धनौरा सिल्वर नगर गांव का है। वह दूध का काम करता है। उसने बताया वह दिल्ली से मावा आढ़ती से पैसे लेकर आया है। वहां से वह दूध सप्लाई करता है, पैसे भैंस मालिकों को देने हैं। इसकी सूचना पुलिस ने आयकर विभाग के अधिकारियों को दी। देर रात तक कोतवाली में आयकर विभाग के अधिकारियों ने विपिन से बातचीत की। बाद में मिले नोटों को सील कर दिया। वहीं पुलिस ने विपिन और सिद्धार्थ निवासी कंडेरा को गुंडा एक्ट में गिरफ्तार कर चालान काट दिया।
नोट जब्त कर नोटिस थमा दिया
बिनौली। बरनावा पुलिस चौकी पर छपरौली विधान सभा के उड़न दस्ते के प्रभारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने चेकिंग के दौरान मेरठ की ओर से कार की तलाश ली तो कार में 77.94 हजार की नगदी मिली। इसमें सहसवीर पुत्र कृपाल निवासी माकर मेरठ बैठा था। उसे थाने लाया गया और आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। आयकर विभाग के अधिकारी योगराज मलिक, रविप्रकाश टीम के पास थाने पहुंचे। सहसवीर ने बताया वे नोवा दूध कंपनी के पैसे लेकर आया हूं। इस पर नोवा दूध कंपनी के अधिकारी रवि कुमार निवासी मधुबन कॉलोनी बड़ौत भी वहां पहुंचे, लेकिन नोटों को जब्त कर लिया और उन्हें नोटिस थमा दिया।