बागपत। गांगनौली के गांव खूनी कांड से पंकज और उसके मामा अनंग पाल के घर पर पुलिस-पीएसी तैनात है। पीएसी के सिपाहियों ने अनंग पाल के परिजनों के साथ खेत में जाने से इंकार कर दिया है। परिजनों के मुताबिक सिपाहियों ने कहा खेत का अफसरों से पहले ऑडर लेकर आओ, इसके बाद आपके साथ खेत में जाएंगे।
गांगनौली गांव में दस अक्तूबर को पंकज के घर पर खून खराबा हुआ था। उसकी माता सविता देवी, बहन प्रीति, नाना मांगेराम और उनकी सुरक्षा में लगे दो पुलिस वालों की हत्या की। पुलिस ने तीन दिन पहले केस का खुलासा कर दिया था। अनंग पाल, अपने भांजे परीक्षित (पंकज के भाई) की हत्या के केस का गवाह है। प्रमोद गैंग पर उनकी हत्या का आरोप है। अनंग पाल पर प्रमोद गैंग जानलेवा हमला भी कर चुका है। इसे देख पुलिस अफसरों ने पंकज और उसके मामा अनंग पाल के घर पर पुलिस और पीएसी तैनात कर रखी है।
अनंग पाल के भाई संजीव ने बताया उनको अपने खेत में जाना पड़ता है। उनकी सुरक्षा में लगे पीएसी के सिपाही ने उनके साथ खेत में जाने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा पहले इस संबंध में लिखित में लेटर लेकर आओ। अनुमति मिलने के बाद ही खेत में आपके साथ जाएंगे। उन्होंने इसकी शिकायत अफसरों से की। सीओ (क्राइम) श्वेताभ पांडेय ने कहा अनंग पाल और उनके परिवार की सुरक्षा में लगी पीएसी को उनके साथ खेत में जाने के निर्देश दे दिए है।