पुलिस ने हरीश चौधरी के खिलाफ जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। भाजपा कार्यकर्ता हरीश चौधरी ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमे की जानकारी छुपाकर शस्त्र लाइसेंस बनवा लिया। इसका पता चलने पर जांच कराई गई तो मामला साफ हुआ। इसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
दिल्ली के गोकलपुर निवासी हरीश चौधरी ने ग्राम बली के पते पर शस्त्र लाइसेंस का आवेदन किया था। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ बागपत में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। इसके बावजूद शस्त्र लाइसेंस के आवेदन में मुकदमे दर्ज होने का जिक्र नहीं किया। लाइसेंस जारी होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो जांच शुरू की गई और उसमें भाजपा नेता की पोल खुल गई। इस मामले में शनिवार को कोतवाली में भाजपा नेता हरीश चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, भाजपा कार्यकर्ता हरीश चौधरी के मामा योगेश उर्फ भीम पहलवान का कहना है कि जिस मुकदमे की बात हो रही है, वह कोर्ट में विचाराधीन है। हरीश चौधरी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे है और इसलिए ही ऐसा किया गया है।
पुलिस, एलआईयू व डीसीआरबी वालों की फंस सकती है गर्दन
शस्त्र लाइसेंस के लिए कई जगह से जांच होती है। इसके लिए थाना पुलिस, एलआइयू, डीसीआरबी समेत पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की रिपोर्ट लगती है। भाजपा नेता के शस्त्र लाइसेंस के आवेदन की जांच आखिर किस तरह से की गई, जिसमें मुकदमे का पता ही नहीं चल सका। इस तरह सभी की जांच पर सवाल खड़े हो रहे है और उनकी गर्दन फंस सकती है।
सांसद ने ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया
बागपत। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर की जा रही है। जहां दूसरी लहर में ऑक्सीजन की भारी किल्लत झेलनी पड़ी थी, वहीं इस तरह की हालत भविष्य में नहीं हो। उसके लिए ही जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है। इसका शनिवार को सांसद डा. सत्यपाल सिंह, बड़ौत विधायक केपी मलिक, डीएम राजकमल यादव, सीएमओ डा. दिनेश कुमार ने उद्घाटन किया। इस ऑक्सीजन प्लांट से एक दिन में करीब 100 सिलिंडर गैस मिलेगी।